पहासू। साबितगढ़ स्थित त्रिवेणी शुगर मिल के पास गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं किसान की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के गांव नगलिया उदयभान निवासी पुरुषोत्तम (45) पुत्र इंद्रपाल सिंह बृहस्पतिवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली पर गन्ना लादकर साबितगढ़ स्थित त्रिवेणी शुगर मिल जा रहे थे। जब वह शुगर मिल के निकट पहुंचे तो ट्रैैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे पलट गई। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने देखा तो मौके की तरफ दौड़ पड़े। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने ट्रैक्टर में फंसे किसान पुरुषोत्तम को किसी तरह निकाला। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। आनन-फानन में पुलिस ने घायल किसान को खुर्जा नगर स्थित कैलाश अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।