बुलंदशहर। कोरोना वैक्सीनेशन के पहले चरण के तीसरे राउंड में बृहस्पतिवार को करीब 69 फीसदी से ज्यादा टीकाकरण हुआ। इस दौरान 3213 लोगों को टीका लगाया गया। जनपद के 41 केंद्रों पर हुए कोरोना टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हालांकि, किसी भी केंद्र पर टीका लगने के बाद किसी में साइड इफेक्ट नहीं दिखा। वहीं, शुक्रवार को 22 स्थानों पर बने 37 केंद्रों पर कोरोना योद्धाओं को कोरोना से बचाव के लिए पहली डोज दी जाएगी।
16 जनवरी को जिले के 400 स्वास्थ्य कर्मियों में से 266 कर्मियों को पहले राउंड में टीकाकरण हुआ था। इसके बाद 22 जनवरी को जिले के 13 स्थानों पर 16 केंद्रों पर 30 टीम द्वारा 2834 के सापेक्ष 2102 स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण किया गया। वहीं, तीसरे राउंड में बृहस्पतिवार को जिले के 23 स्थानों पर 4500 स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण करने के लिए 41 केंद्र बनाए गए। जहां सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक टीकाकरण किया गया। टीकाकरण कार्य का डीएम रविंद्र कुमार द्वारा निरीक्षण भी किया गया। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार स्वदेशी कोरोना वैक्सीन पूरी तरह प्रभावी है। पहली डोज के बाद दूसरा 28वें दिन लगेगा। सभी केंद्रों पर टीका लगने के बाद लोगों को आधा घंटा रोका गया। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि टीका लगने के बाद किसी भी स्वास्थ्य कर्मी को कोई परेशानी नहीं हुई है। जिले के 41 केंद्रों पर 4500 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाना था। जिसमें 3213 से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगवाया है। टीकाकरण के बाद सभी को प्रमाणपत्र दिए जा रहे हैं। जो दूसरी डोज लगवाने के दौरान दिखाना होगा।