बुलंदशहर। ओलंपिक गेम्स से पूर्व जनपद निवासी कैनोइंग खिलाड़ी शिवानी का चयन मिशन ओलंपिक कैंप में हुआ है। जहां वह छह माह नेशनल कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त करेगी। उम्दा प्रदर्शन करने पर 2024 और 2028 ओलंपिक के लिए चुना जाएगा। शिवानी के मिशन ओलंपिक में चुने जाने पर परिवार समेत कोच ने खुशी जाहिर की।
सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र के गांव महेपा जागीर निवासी किसान रमेश चंद्र की पुत्री शिवानी कैनोइंग की खिलाड़ी है। वर्तमान में वह स्पोट्र्स कोटे से एसएसबी में कार्यरत है। शिवानी के मामा व अंतरराष्ट्रीय कैनोइंग खिलाड़ी शांति स्वरूप ने बताया कि शिवानी अब तक ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में सात गोल्ड मेडल और नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल समेत 10 मेडल जीत चुकी है। गत 16 से 18 जनवरी तक भोपाल में आयोजित हुई 15 किमी की कैनोइंग प्रतियोगिता में शिवानी ने ब्रांज मेडल जीता था। लगातार उम्दा प्रदर्शन किए जाने पर उसका भारतीय कैनोइंग टीम में चयन हुआ है। मिशन ओलंपिक कैंप में छह माह प्रशिक्षण चलेगा। इस बीच समय-समय पर ट्रायल होगा और ट्रायल में सफल होने वाले खिलाड़ी को एशियन चैंपियनशिप और ओलंपिक क्वालीफाई के लिए चुना जाएगा। साथ ही उसी खिलाड़ी को 2024 ओलंपिक गेम्स और 2028 ओलंपिक कैंप के लिए चुना जाएगा। बताया कि शिवानी का सपना और लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना है। वहीं, शिवानी ने अपने इस चयन का श्रेय मामा/अंतरराष्ट्रीय कैनोइंग खिलाड़ी शांति स्वरूप, माता-पिता और कोच को दिया है। वहीं, शिवानी के चयन पर परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।