नरौरा। परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया ने बृहस्पतिवार को नरौरा में ओपन जिम का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेलकूद एवं व्यायाम से बच्चों व नौजवानों का शरीर स्वस्थ्य और सुदृढ़ बनता है। मानव जीवन में सबसे बड़ा सुख निरोगी काया है। जब देश का नौजवान स्वस्थ व मजबूत बनेगा तभी हमारा राष्ट्र और भी अधिक ताकतवर होगा।
क्षेत्र के गांव निबाड़ी खादर में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास निधि के अंर्तगत निर्मित खेलकूद मैदान एवं ओपन जिम के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि गत 70 वर्षो में ग्राम पंचायतों के जमीनों पर दबंगों ने कब्जा कर बच्चों के खेलने के स्थान व पशुओं के चारागाह आदि समाप्त कर दिए हैं। सरकार की बच्चों के खेलकूद एवं व्यायाम शाला बनाने की योजना के तहत अब ओपन जिम का निर्माण कराया गया है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वह उक्त जिम को अपनी ही ही संपत्ति मानकर इसका स्वयं रख रखाव करें। डीएम रविन्द्र कुमार ने कहा कि ग्रामीण स्वेच्छा से एक शुल्क लागू कर स्वयं इसकी देखरेख व रखरखाव का कार्य करें। जिससे की ओपन जिम का लंबे समय तक बच्चों व युवाओं को लाभ मिल सके। जनपद में चार जगह ओपन जिम और एक स्थान पर पुस्तकालय निर्माण कराया गया है। कार्यक्रम में निर्माणदायी संस्था के जीएल मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी, एसडीएम मोनिका सिंह, सीओ वंदना शर्मा, ग्राम प्रधान पति नन्हें सिंह, भाजपा नेता रविन्द्र कुमार, बीबी सिंह,पीपी सिंह आदि मौजूद रहे। इसके बाद गांव गोकुलपुर खादर में भी प्रभारी मंत्री ने खेलकूंद मैदान कर लोकार्पण किया।