बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे 91 स्थित गांव दोस्तपुर के निकट शुक्रवार देर रात अनियंत्रित ट्रक ने टाटा मैजिक में टक्कर मार दी। हादसे में मैजिक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक की हायर मेडिकल सेंटर में उपचार के दौरान शनिवार को मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली शाहदरा के थाना हर्ष विहार क्षेत्र के मोहल्ला प्रताप नगर निवासी शेरपाल अपने रिश्तेदार कुंवर पाल के साथ टाटा मैजिक से किसी रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए खुर्जा क्षेत्र में गए थे। जहां से वह टाटा मैजिक में ही सवार होकर शुक्रवार देर रात दिल्ली लौट रहे थे। बताया गया कि मैजिक सवार जब नेशनल हाईवे 91 पर गांव दोस्तपुर के निकट पहुंचे तो मैजिक के एक टायर में पंचर हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने मैजिक में टक्कर मार दी। हादसे में शेरपाल और कुंवरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि शनिवार को उपचार के दौरान शेरपाल की मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक सुरेश के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अभी आरोपी ट्रक चालक पुलिस की पकड़ से दूर है। देहात कोतवाली प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।