बुलंदशहर। गुलावठी पुलिस ने लूट की फर्जी सूचना देने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साढ़ू के करीब ढाई लाख रूपये लूट की झूठी सूचना शनिवार शाम पुलिस को दी। पुलिस ने गहनता से जांच की तो मामला फर्जी निकला। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह उक्त रुपये हड़पकर उन पैसों से अपनी बेटी की शादी करना चाहता था। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।
कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर सचिन मलिक ने बताया कि आरिफ नाम के व्यक्ति ने शनिवार शाम को फोन पर 2, 55000 रूपये व एक मोबाइल फोन लूटे जाने की सूचना दी थी। सूचना देने वाले व्यक्ति ने सैदपुर रोड फाटक से करीब एक किलोमीटर आगे ईख के पास लूट का घटनास्थल बताया था। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। कोतवाल के अनुसार प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। उक्त व्यक्ति से अलग-अलग तरीके से पूछताछ की गई तो आरोपी ने बताया कि उसने लूट की जो सूचना पुलिस को दी थी, वह उसने लालचवश दी थी। क्योंकि उसके साढ़ू ने एक प्लॉट बिक्री किया था। जिसके पैसे उसके ही पास थे। कोतवाल ने बताया कि आरोपी अपने साडू के 255000 रूपये नहीं देना चाहता था और उन पैसों से अपनी पुत्री की शादी करना चाहता था। इसलिए उसने लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी। कोतवाल के अनुसार आरोपी की मोटर साइकिल की टूल डिग्गी से 2,55000 रूपये एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी आरिफ का धारा 151 के तहत चालान किया गया है। कोतवाल के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 182 की कार्रवाई की रिपोर्ट अलग से प्रेषित की जाएगी।