आज से शनिवार को भी खुलेंगी अदालतें, सभी मामलों में होगी सुनवाई
- कोविड संक्रमण पर नियंत्रण को लेकर शनिवार को बंद होती थी अदालत
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। नया साल शुरू होने के साथ ही अब शनिवार को भी अदालतें खुलेंगी। हाईकोर्ट ने आदेश जारी कर दिया है। इसके पहले हाईकोर्ट ने 26 नवंबर को आदेश जारी किया था कि कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण और चेन तोड़ने के लिए शनिवार और रविवार अदालत बंद रहेगी। इसके चलते सिर्फ छह दिन काम होता था। अब आज शनिवार से सभी तरह के मुकदमों में नियमित सुनवाई होगी। अभी तक लॉकडाउन अनलॉक होने के बावजूद अदालत में भीड़-भाड़ कम करने के लिए सिर्फ विशेष अदालतों में मुख्य मामलों में ही सुनवाई चल रही थी।
बार सचिव मनमोहन शर्मा ने बताया कि हाईकोर्ट ने आदेश जारी कर कहा है कि अब कोरोना संक्रमण की पाबंदिया समाप्त करते हुए दो जनवरी से सभी मामलों में नियमित सुनवाई की जाए। अब वादी-प्रतिवादी अपने मुकदमों की पैरवी के लिए अदालत में आ सकेंगे। सचिव ने बताया कि कचहरी में वकालत करने वाले सभी अधिवक्ताओं से अपील की गई है कि उनके पास आने वाले मुवक्किलों को पहले से ही सूचित कर दें कि कचहरी में बिना मास्क लगाए न आएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
--------------
आशुतोष यादव