नरौरा। नगर के मुख्य बाजार में सरेशाम दुकान में घुस कर तीन बदमाशों द्वारा सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की सनसनी खेज वारदात के 48 घंटे बाद भी हत्यारे पुलिस की पकड़ से दूर हैं। मृतक व्यापारी के घर व्यापारी नेताओं व शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है। नगर के व्यापारियों में घटना को लेकर दहशत है। व्यापारी नेता व्यापारियों की सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए जाने के साथ ही हत्याकांड के शीघ्र खुलाशे की मांग कर रहे हैं। मुख्य बाजार में दूसरे दिन भी पुलिस और पीएसी के जवान जगह जगह तैनात रहे।
नगर के मुख्य बाजार में हिमांशु ज्वेलर्स के नाम से रोहताश वर्मा का सराफा कारोबार था। रविवार की सांय करीब साढ़े सात बजे भीड़ भाड़ वाले बाजार में दुकान में घुसकर बदमाशों ने रोहताश वर्मा की गोली मार कर हत्या कर दी और हथियार लहराते हुए भाग गए। घटना के बाद से नगर में दहशत का माहौल है। बदमाशों के दुस्साहस से व्यापारी भी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। नगर स्थित सराफ व्यवसायी के आवास पर व्यापारियों व शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है। सोमवार को बाजार बंदी के बाद मंगलवार को नगर का बाजार खुला, लेकिन मुख्य बाजार सहित नगर में व्यापारी घटना को लेकर चर्चा करते नजर आए। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजा गुप्ता ने बताया कि मामले का शीघ्र खुलाशा एवं हत्यारों को दबोचे जाने तक व्यापारी शांत नहीं बैठेंगे। मुख्य बाजार में दूसरे दिन भी जगह जगह पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। वहीं, सीओ डिबाई वंदना शर्मा ने बताया कि पुलिस की कई टीमें मामले की गहनता से जांच में लगी हुई है। जल्द ही हत्यारोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।