अनूपशहर। थाना क्षेत्र के मौहल्ला खिड़की में नकाबपोश बदमाशों ने घर में सो रही मां-बेटी पर सोमवार देर रात घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, आरोपी शोर मचाने पर मौके पर लोगों को आता देखकर हत्या की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने मामले तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मोहल्ला खिड़की निवासी सरोज पत्नी स्वर्गीय चंद्रप्रकाश सोमवार देर रात को अपने घर में अपनी विवाहित बेटी मीनाक्षी और धेवती के साथ सो रही थीं। सरोज घर के आंगन में और मीनाक्षी अपनी बेटी के साथ कमरे के अंदर सो रही थीं। रात करीब एक बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर अंागन में सो रही सरोज से मारपीट करनी शुरू कर दी। साथ ही धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोरगुल पर मीनाक्षी कमरे से बाहर आई तो बदमाशों ने उस पर भी वार किया। जिससे मीनाक्षी के गले में चोट आई है। मां-बेटी के शोर मचाने पर पड़ोस के लोगों को मौके पर आता देख बदमाश घर का दरवाजा खोलकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सरोज हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, मीनाक्षी का प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया गया। दिल्ली से आकर पीडि़ता के बेटे पराग शर्मा ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक अरूणा राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।