बुलंदशहर। अनूपशहर और जहांगीराबाद में बीते दिनों दुष्कर्म पीडि़ताओं के साथ हुई वारदात के बाद अब डिबाई थाना क्षेत्र में भी एक दुष्कर्म पीडि़ता पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह वारदात 14 नवंबर की बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पीडि़ता का मेडिकल तो करा दिया, लेकिन अग्रिम कार्रवाई नहीं की है। मामले में पीडि़त परिजनों ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार डिबाई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीडि़त पिता बुधवार को पुलिस कार्यालय पहुंचे और एसपी सिटी को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि 3 फरवरी 2019 में गांव के ही एक युवक ने उनकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया था। मामले में आरोपी राजू उर्फ राजकुमार के खिलाफ डिबाई कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी राजू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और विवेचना कर आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया। आरोपी राजू जमानत पर जेल से बाहर है। आरोप है कि राजू उर्फ राजकुमार और उसके पक्ष के लोगों द्वारा केस में समझौते के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उनकी पुत्री को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। न्यायालय में विचाराधीन मामले में आगामी 16 दिसंबर को सुनवाई होनी है। इसी कारण आरोपी दबाव बना रहे हैं। गत 14 नवंबर की रात को आरोपी राजू समेत अन्य लोगों द्वारा उसकी पुत्री को खेत पर अकेली देखकर समझौते का दबाव बनाया गया। पुत्री के इंकार करने पर उसे मारा पीटा गया। उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। पीडि़ता के शोर मचाने पर परिजन व अन्य लोग जब मौके की तरफ दौड़े तो आरोपी उसे वहीं, मरणासन्न अवस्था में छोड़ कर भागने लगे। साथ ही परिजनों को जाते जाते मुकदमा वापस न लेने पर हत्या की धमकी दी। वहीं, परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीडि़ता का मेडिकल कराया गया, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पीडि़त पिता ने मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मार्च माह में भी आरोपियों ने बनाया था दबाव
पीडि़त पिता का आरोप है कि गत 24 मार्च को भी मामले की कोर्ट में सुनवाई होनी थी। लेकिन, आरोपी पक्ष ने उस दौरान भी 15 मार्च 2020 को पीडि़त पक्ष पर फैसले का दबाव बनाया था। इस संबंध में पीडि़त पक्ष ने एसएसपी को आईजीआरएस के माध्यम से शिकायती पत्र भेजा था। लेकिन, उक्त मामले में कोई सुनवाई नहीं हुई और पुलिस ने आरोपियों से सांठगांठ कर मनमाफिक शिकायत को निस्तारित कर दिया था।
लगाई सुरक्षा की गुहार
परिजनों ने आरोपियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस से सांठगांठ की हुई है और खुलेआम घूम रहे हैं। फैसला न करने पर हत्या की धमकी दी जा रही है। जिससे परिवार दहशत में है। परिजनों ने आरोपियों से खुद की सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।
कोट
मामले में सीओ डिबाई को निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा। - अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी