सबहेडः टेंडर प्रक्रिया में केवल एक ने किया आवेदन, शासन के निर्देश पर सीएंडडीएस ने 21 नवंबर तक बढ़ाई तिथि
- अप्रैल 2021 से महानगर में संचालित होंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें
- इलेक्ट्रिक बस डिपो, वर्कशॉप के साथ 25 चार्जिंग स्टेशन बनेंगे
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। महानगर में अप्रैल 2021 से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन शुरू हो जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पहले दिसंबर से इलेक्ट्रिक बस डिपो, वर्कशॉप और चार्जिंग स्टेशन के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।अकबरपुर-बहरामपुर में बसों के डिपो और मेंटेनेंस शेड के साथ वर्कशॉप और 25 चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए खोले गए टेंडर में केवल एक ही कंपनी सामने आई। ऐसे में शासन ने टेंडर में आवेदन की तिथि बढ़ाकर 21 नवंबर कर दी है।
शासन के निर्देश पर कार्यदायी संस्था जल निगम की सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) ने टेंडर प्रक्रिया पर काम शुरू कर दिया है। इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने के लिए शासन ने नगर निगम को नोडल एजेंसी नामित किया है। नगर निगम के अधिकारियों ने सीएंडडीएस के माध्यम से डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कराई है। शासन ने 14.26 करोड़ की डीपीआर को मंजूरी दे दी थी। इसके बाद अब सीएंडडीएस ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर इलेक्ट्रिक बसों के लिए डिपो, चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। सीएंडडीएस करीब चार करोड़ रुपये खर्च कर सिविल वर्क पूरा करेगा।
डिपो और चार्जिंग स्टेशन के लिए अकबरपुर-बहरामपुर में नगर नगम की ओर से जमीन मिल चुकी है। इस पर चार्जिंग शेड, वर्कशॉप शेड और स्टाफ के लिए रूम बनाने के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। अब माह के अंत तक टेंडर खुलने के साथ दिसंबर के पहले सप्ताह में वर्कऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। यह निर्माण पूरा करने के लिए करीब 4.5 माह का समय दिया जाएगा। मार्च अंत तक डिपो बनकर तैयार हो जाएगा। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि शासन की ओर से इलेक्ट्रिक बस डिपो, वर्कशॉप और चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया को विस्तार दिया गया है।
----------
अप्रैल से दौड़ने लगेंगी इलेक्ट्रिक बसेंः
निगम अधिकारियों ने अप्रैल तक शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई है। अधिकारियों का कहना है कि बसों के संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर ऑपरेटर्स भी तय हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में गाजियाबाद में 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। इसके लिए रूट भी तय हो चुके हैं।
-----
संचालन में देरी, प्रदूषण से नहीं मिल पाई राहतः
गाजियाबाद में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने के लिए पूर्व में अक्तूबर 2020 का समय तय किया गया था। कोरोना संक्रमण काल और जमीन तलाशने में हुई देरी की वजह से यह प्रोजेक्ट भी लेट हो गया है। अक्तूबर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाता तो प्रदूषण की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिल जाती। पब्लिक ट्रांसपोर्ट के तौर पर फिलहाल सीएनजी ऑटो, टेंपों और डीजल बसें संचालित हो रही हैं। सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट की बेहतर व्यवस्था न होने की वजह से लोग अपने वाहनों का इस्तेमाल ज्यादा कर रहे हैं। ऐसे में प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है।
-------------