बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार वृद्ध को रौंद दिया। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सिखेड़ा निवासी ५७ वर्षीय किशनलाल रविवार को अपने घर से बुलंदशहर किसी काम से आए थे। जहां से वह बाइक लेकर शाम को ही वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि जब वह गांव गंगेरूआ के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों व राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया। देहात कोतवाल नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही ट्रक चालक की शिनाख्त कर उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।