धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रदेश प्रवक्ता मनोज नागर
- फोटो : Amar Ujala
सबहेडः दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से प्रभावित आकाशनगर के लोगों में भारी रोष, 10 दिन बीते, जिला प्रशासन ने नहीं की कोई कार्रवाई
- बुधवार को ढाई सौ परिवारों के लोग डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन, उचित मुआवजा दिलवाने की करेंगे मांग
- मांगे नहीं मानने पर भाकियू भानु ने महापंचायत बुलाने का किया ऐलान
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के प्रभावित आकाशनगर के लोगों का अनिश्चितकालीन धरना बीते दो माह से जारी है। जिला प्रशासन की ओर से 250 प्रभावित परिवारों के लोगों को 10 दिन में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। 17 दिन के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से लोगों का फिर गुस्सा बढ़ता जा रहा है। मांगों पर कार्रवाई न होने पर लोगों ने फिर से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का काम रोकने की चेतावनी दी है।
भारतीय किसान यूनियन भानु के बैनर तले जारी धरना प्रदर्शन में लोग बुधवार को डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग करेंगे। बता दें कि लोगों का आरोप है कि एनएचएआई ने बगैर उचित मुआवजा दिए डासना देहात की आकाश नगर में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के बीच में आ रहे 250 परिवारों के मकानों को तोड़ दिया था।मंगलवार को धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रदेश प्रवक्ता मनोज नागर ने कहा कि जिला प्रशासन ने बीते माह 23 अक्टूबर लोगों की मांगों पर कार्रवाई के लिए 10 दिन का समय मांगा था। 17 दिन गुजरने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से प्रभावित लोग डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बावजूद अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो भाकियू भानु की ओर से प्रभावित लोगों के साथ मिलकर कार्य बंद करने की योजना तैयार की जाएगी। वहीं महापंचायत बुलाकर विभिन्न संगठनों, राजनीतिक दलों और लोगों को जोड़कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर प्रमोद गुर्जर, केके पांडेय, मनीष नागर, आनंद वर्मा, अमीचंद, ओमवीर सिंह, प्रेमलता, मंजू रानी, हेमलता, प्रेमवती, दिनेश कुमार, दिलशाद, नीरज, मुकर्रम खान सहित आदि लोग मौजूद रहे।
------------