माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। स्कूल व कॉलेजों में नामांकित अल्पसंख्यक छात्रों के लिए प्री व पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति जल्द ही आने वाली है। लेकिन इसके लिए शिक्षण संस्थानों को पहले नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल यानी एनएसपी पर केवाईसी कराना होगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जिले के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों व कालेजों को अपना केवाईसी एनएसपी पोर्टल पर अपडेट करने को कहा है। जिले के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थान जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय से संपर्क कर अपना केवाईसी अपडेट करा सकते हैं। इसके लिए शिक्षण संस्थान के प्रधानाध्यापक को अपना आधार, फोटो व संस्थान के यू डायस कोड, विद्यालय कोड से संबंधित पेपर लाना होगा। इस संबंध में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से निर्देश दिए गए थे। जिसमें कहा गया है कि जनपद में स्थित समस्त सम्बंधित शिक्षण संस्थाएं संस्थावार केवाईसी आगामी दो दिन के भीतर कराना सुनिश्चित करें। जिससे छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।
.......................
जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों को लिखित में निर्देश भेजे जा चुके हैं। अगर कोई शिक्षण संस्थान केवाईसी नहीं कराता है तो उसके छात्रवृति आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकेगी।
डा अमृता सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी