सात माह से खराब पड़ी है भोवापुर की स्ट्रीट लाइट
- स्थानीय लोग कई बार कर चुके हैं शिकायत, नहीं हो रही सुनवाई
- मुख्य सड़क की स्ट्रीट लाइट खराब होने से बढ़ रही परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। पिछले सात माह से भोवापुर और कौशांबी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। स्थानीय लोग इस मामले की शिकायत कई बार नगर निगम के अधिकारियों के साथ ही मेयर से भी कर चुके हैं। बावजूद इसके अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है, जबकि सर्दियां आने की वजह से अब इस सड़क पर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
दरअसल यह सड़क यूपी से दिल्ली बॉर्डर को जोड़ने वाली है। कौशांबी के नील कंठ अपार्टमेंट के सामने एचआईजी फ्लैट के सामने यह सड़क है जो आधा तो भोवापुर गांव में आता है वहीं आधी सड़क कौशंबी में शमिल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर करीब 12 से 15 लाइटें सभी मार्च माह से खराब है। स्थानीय निवासी राजेंद्र सिंह नागर का कहना है कि खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत लगातार अधिकारियों को की जा रही है। मेयर से लेकर नगर आयुक्त और यहां तक कि सीएम पोर्टल पर भी शिकायत की गई, बावजूद इसके अब तक कोई सुध लेने नहीं पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से लगातार शिकायत के बावजूद कोई संज्ञान नहीं ले रहा। अब सर्दियों की वजह से शाम होते ही सड़क पर अंधेरा छा जाता है, जिसकी वजह से असमाजिक तत्वों को भी बढ़ावा मिल रहा है। दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर होने की वजह से यहां अक्सर छीना झपटी के मामले पहले भी होते रहे हैं, अब अंधरे का लाभ भी असामाजिक तत्वों को मिल रहा है।
----------------------