माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। हिंडन पुल पुलिस चौकी के सामने मंगलवार सुबह करीब साढे दस बजे रोडवेज की अनुबंधित बस ने एक बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया और परिजनों को सूचना दी। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया।
जानकारी के मुताबिक, आशु ३२ जनता कालोनी शाहदरा में रहता था। वह विजयनगर में नौकरी करता था। मंगलवार सुबह वह अपनी बाइक से काम पर जा रहा था। करीब साढे दस बजे जैसे ही वह मोहननगर से गाजियाबाद जाने के दौरान हिंडन पुल पुलिस चौकी के सामने पहुंचा तभी आनंद विहार से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया। इससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने आरोपी बस चालक को मौके पर ही दबोच लिया। सूचना पाकर साहिबाबाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद परिजनों को मामले की जानकारी दी। एसएचओ साहिबाबाद विष्णु कौशिक ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। आरोपी बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की ओर से मिली शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
हादसे के बाद लगा भीषण जाम
सुबह के दौरान हादसा होने पर सड़कों पर वाहनों का दबाव अधिक था। इससे हादसा देखने और सड़क पर लोगों की भीड़ जुटने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। रोडवेज बस को सड़क से हटवाया गया। लोगों को मौके से हटाया गया। मोहननगर से गाजियाबाद जाने वाले लोग जाम में आधा घंटे तक फंसे रहे।