गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय
- फोटो : Amar Ujala
सबहेडः आरडीसी में भी व्हीकल फ्री जोन का काम पूरा, गौड़ मॉल रोड पर परिवार के साथ पैदल घूम शॉपिंग का ले सकेंगे मजा
- नंदी पार्क में गौशाला, प्रशासनिक भवन और डिस्पेंसरी हुई तैयार, दिव्यांगों के लिए पहला पार्क इंदिरापुरम में तैयार
- केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद वीके सिंह करेंगे तीनों प्रोजेक्ट का उद्घाटन
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। कोरोना काल में शहरवासियों को शनिवार को तीन नई सौगात मिलेंगी। जीडीए ने आरडीसी में व्हीकल फ्री जोन, राजनगर एक्सटेंशन नंदी पार्क में गौशाला जीर्णोद्धार का काम और इंदिरापुरम के रानी अवंतीबाई पार्क में दिव्यांग पार्क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। आरडीसी व्हीकल फ्री जोन के साथ तीनों प्रोजेक्ट का केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद वीके सिंह शनिवार को उद्घाटन करेंगे। अब लोग आरडीसी में बगैर वाहनों के डर के अपने परिवार के साथ घूमते टहलते हुए खरीदारी कर सकेंगे। आरडीसी में लोगों के खाने-पीने और खरीदारी के लिए कई कियोस्क बनाए गए हैं।
------------------
आरडीसी में शहर का पहला व्हीकल फ्री जोन तैयारः
राजनगर डिस्टिक सेंटर (आरडीसी) में शहर का पहला व्हीकल फ्री जोन तैयार हो गया है। व्हीकल फ्री जोन गौड़ मॉल वाली सड़क पर वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। लोगों की खाने-पीने और खरीदारी के लिए दुबई मॉल के सामने 40 से अधिक किओस्क का निर्माण किया गया है। सड़क पर पैदल घूमने के साथ लोगों के बैठने के लिए 200 से ज्यादा बेंच लगाई गई हैं। व्हीकल फ्री जोन में आकर्षण फुब्बारा तैयार किया गया है। साथ ही पूरे जोन में सुंदर पौधे लगाए जाएंगे। दुबई मॉल के पीछे, बीएसएनएल एक्सचेंज रोड और गौड़ मॉल के बराबर में वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था होगी। महानगर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर को जाम मुक्त बनाने के लिए जीडीए ने व्हीकल फ्री जोन तैयार किया है। आरडीसी में राष्ट्रीय व बहुराष्ट्रीय कंपनियों के बड़ी संख्या में शोरूम, कई रेस्टोरेंट, दो मॉल और तमाम कंपनियों कार्यालय हैं। ऐसे में लोग अपने परिवार के साथ घूमते हुए खरीदारी भी कर सकेंगे। व्हीकल फ्री जोन के निर्माण कार्य पर चार करोड़ से अधिक खर्च हुए।
-----------------------
4.50 करोड़ में नंदी पार्क गौशाला का हुआ जीणोद्धारः
राजनगर एक्सटेंशन स्थित नंदी पार्क में 1500 नंदिओं के रहने के साथ उनके ईलाज की व्यवस्था भी होगी। जीडीए ने 4.50 करोड़ खर्च कर नंदी पार्क में गौशाला का जीर्णोद्धार किया है। जीडीए ने गौशाला के जीर्णोद्धार के साथ नंदिओं के लिए डिस्पेंसरी और चारा घर का निर्माण किया है। गौशाला में रहने वाली पशुओं के ईलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए डिस्पेंसरी में पशु चिकित्सक की तैनाती की जाएगी। इसके साथ गौशाला के अंदर ही एक प्रशासनिक भवन का निर्माण भी किया गया है। निराश्रित नंदिओं को रखने और उनकी देखभाल की व्यवस्था होगी। नंदी पार्क में आवाजाही के लिए मार्ग भी बनाया गया है। जिससे बारिश के दिनों में रखरखाव में लगे कर्मचारियों को कोई परेशानी पेश न आए। नंदी पार्क में व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए एक प्रशासनिक भवन का निर्माण भी किया गया है।
-----------------------
इंदिरापुरम में शहर का पहला दिव्यांग पार्क तैयारः
इंदिरापुरम के रानी अवंतीबाई पार्क में 50 लाख की लागत से शहर का पहला दिव्यांग पार्क तैयार हो गया है। दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने का उद्देश्य से पार्क में उनके खेलने, घूमने के साथ-साथ पढ़ाई की भी विशेष व्यवस्था की गई है। खासकर विज्ञान सहित अन्य विषयों से जुड़ी सामग्री को पार्क में जगह दी जाएगी। पार्क को विकसित करने का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़कर उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करना है। दिव्यांग पार्कों में नेत्रहीनों के लिए विशेष टाइल्स का परिक्रमा पथ विकसित करने के साथ व्हीलचेयर पर चलने वालों के लिए विशेष परिक्रमा पथ बनाया गया है। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष झूले और ओपन जिम में एक्यूप्रेशर वाले विशेष परिक्रमा पथ व विभिन्न चीजों को छूकर अनुभव करने की सुविधा दी गई है। पार्क में ब्रेललिपि वाले बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे पार्क में आने वाले दिव्यांग उन पौधों को छूकर पहचान सकें। दिव्यांग पार्क में विशेष रुप से एक विज्ञान जोन बनाया गया है। दूसरे चरण में मधुबन के सिटी पार्क और राजनगर के सेंट्रल पार्क में दिव्यांग पार्क विकसित किए जाएंगे।
-------------------