बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में दबंगो ने एक फ्लैट में घुसकर विधवा महिला के साथ छेड़छाड़ की। साथ ही विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और हत्या की धमकी देकर भाग निकले। नगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के काला आम क्षेत्र स्थित एक फ्लैट निवासी महिला ने नगर कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें उसने बताया कि उसके पति की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। गत दिनों पीडि़ता अपने फ्लैट में अकेली मौजूद थी। इस दौरान उसके फ्लैट में भरत शर्मा, गौरव शर्मा और अंकुर चौधरी घुस आए। पीडि़ता ने बताया कि तीनों आरोपी दबंग प्रवृत्ति के आरोपी हैं। पीडि़ता ने बताया कि बीते दिनों उसके फ्लैट में घुसकर आरोपियों ने अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। पीडि़ता के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। बाद में लोगों को आता हुआ देख आरोपी उसे हत्या की धमकी देकर भाग निकले। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरेापियों को दबोच लिया जाएगा।