दस हजार स्क्वॉयर मीटर जमीन पर ग्रीनरी डेवलप करेगा जीडीए
- कौशांबी में प्रदूषण कम करने के लिए जीडीए ने बनाई योजना
- लोगों को मॉर्निंग वॉक के दौरान ताजी हवा देने के लिए होगी ग्रीनरी
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
कौशांबी में होटल रेडिसन ब्लू के पीछे दस हजार स्क्वॉयर मीटर जमीन से ज्यादातर अवैध झुग्गी का कब्जा हटाने के बाद जीडीए वहां पर ग्रीनरी डेवलप कराएगा। प्रदूषण से निजात दिलाने और मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को ताजी हवा देने के लिए यह रणनीति बनाई जा रही है। जीडीए जमीन पर विभिन्न तरह के पौधे लगाकर इसे पिकनिक स्पॉट बनाने की बात कह रहा है। हालांकि अभी इस योजना का एस्टिमेट तैयार कराया जा रहा है। मुख्यालय में जीडीए वीसी से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू होगी।
जीडीए के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि कौशांबी में जीडीए की काफी बड़ी जमीन पर लोगों द्वारा झुग्गी झोपड़ी बनाकर कब्जा किया हुआ था। वहां पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई चल रही है। दो फेज में कार्रवाई पूरी हो चुकी है। तीसरे फेज में सभी झुग्गियां हटाकर वहां सफाई कराई जाएगी। अभी अंतिम दौर की कार्रवाई के लिए कोई तारीख निश्चित नहीं हुई है। जमीन खाली कराने के बाद वहां हरियाली बढ़ाने का काम होगा। जिससे फिर कोई दोबारा अवैध कब्जा न कर सके। योजना के अनुसार लोगों को यहांं सभी तरह के पेड़-पौधे देखने को मिलेंगे। जबकि बुजुर्ग महिला-पुरुषों के बैठने के लिए बैंच लगवाकर घास लगाने का काम होगा। फिलहाल योजना बनाकर इसका एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है। जिसे जीडीए उपाध्यक्ष की मुहर लगवाने के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा।
बता दें कि कौशांबी में प्रदूषण की रोकथाम के लिए कारवां ने एनजीटी में केस भी फाइल किया हुआ है। वहां पर नगर निगम, जीडीए और परिवहन विहार व प्रशासन द्वारा कई तरह के काम किए गए हैं।
--------------------
सुमित कुमार