माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। साहिबाबाद के राजबाग कालोनी में कार सवार एक युवक पर कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर ईंट से सिर फोड़ दिया। आरोप है कि आरोपियों ने कार का शीशा भी ईंट मारकर तोड़ दिया। इसके बाद पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। मामूली कहासुनी के बाद यह विवाद हुआ। पीड़ित की ओर से शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कार्तिक डागर साहिबाबाद के राजबाग कालोनी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह रात करीब साढे दस बजे अपने सुजीत कुमार कुशवाहा के साथ कार में बैठे थे। इस दौरान संजीव भाटी नाम का व्यक्ति अपने एक अन्य साथी के साथ आया और उनकी कार का शीशा ईंट मारकर तोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उनके सिर में ईंट मार दी। इसमें वह लहुलूहान हो गए। इसके बाद आरोपी ने पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी और मौके से चला गया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ साहिबाबाद थाने में तहरीर दी। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी से उनकी कहासुनी हुई थी। एसएचओ साहिबाबाद विष्णु कौशिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जांच की जा रही है।