राशन डीलर की दुकान पर सीटू ने किया प्रदर्शन
- झंडापुर में राशन डीलर पर समय से दुकान न खोलने और वितरण का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।
झंडापुर में शनिवार को सीआईटीयू के बैनर तले लोगों ने राशन डीलर की दुकान पर पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि राशन की दुकान दो किलोमीटर दूर खोल दी है और उसका खोलने का कोई समय भी नहीं है। ऐसे में कार्डधारकों को परेशानी होती है। लोगों ने समस्याओं के साथ क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति को ज्ञापन सौंपा है।
सीआईटीयू के पदाधिकारी ईश्वर त्यागी ने बताया कि झंडापुर के सैकड़ों कार्ड धारकों की सहूलियत के लिए राशन की दुकान खोली गई थी। लेकिन पिछले कुछ समय से राशन की दुकान को लगभग दो किलोमीटर दूर खोल दिया गया है। इससे कार्डधारकों को दुकान खुलने का समय का पता नहीं चल पाता है। कार्ड धारकों की मांग की है कि दुकान फिर से झंडापुर गांव में ही खोली जाए, आय प्रमाण पत्र की अनिवार्यता को खत्म किया जाए, करोना महामारी में 10 किलो अनाज प्रति व्यक्ति दिया जाए, जिन लोगों के राशन कार्ड नहीं बने हैं तत्काल उनके राशन कार्ड बनाए जाएं। लोगों ने विभिन्न मांगों को लेकर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। समाधान न होने पर आगामी 28 अक्तूबर को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस बीच जीएस तिवारी, नीरू सेंगर, गीता देवी, देवीदीन, कमलेश्वरी पंडित मौजूद रहे।
-------------------------
सुमित कुमार