- विजयनगर क्षेत्र में रहने वाली युवती का मनचले ने जीना किया दुश्वार
- विरोध करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी, पुलिस ने केस दर्ज किया
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। विजय नगर थानाक्षेत्र में मनचले द्वारा छात्रा से छेड़छाड़ कर उसके मोबाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि विरोध करने पर मनचला छात्रा को जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस संबंध में छात्रा के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा जाएगा।......................
थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति नोएडा की एक्सपोर्ट कंपनी में कारीगर हैं। उनकी बेटी बीए सैकेंड ईयर की छात्रा है। उन्होंने बताया कि विजयनगर क्षेत्र के बिहारीपुरा निवासी सुरेश उनकी पुत्री को करीब दो साल से परेशान कर रहा है। पूर्व में भी इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन उस दौरान युवक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली थी। जिस पर समझौता हो गया था। उन्होंने बताया कि अब दोबारा से युवक कई महीने से उनकी बेटी के पीछे पड़ा है। रास्ते में आते-जाते समय उनकी बेटी को छेड़ता है। इतना ही नहीं, उसके मोबाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो भेज रहा है। बेटी के विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।