बुलंदशहर। हाथरस में जयंत चौधरी पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में युवा रालोद ने कालाआम चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। युवा रालोद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
हाथरस की बेटी के परिजनों से मिलने के लिए गए जयंत चौधरी पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसको लेकर रालोद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उबाल है। सोमवार को जिलेभर में कार्यकर्ताओं ने पुलिस की इस हरकत पर आक्रोश व्यक्त किया है। सोमवार को युवा रालोद कार्यकर्ता जाट छात्रावास में एकत्र हुए। वहां से वह सीएम योगी के पुतले को लेकर नारेबाजी करते हुए कालाआम चौराहे के लिए रवाना हुए। रास्ते में रालोद कार्यकर्ताओं ने सीएम योगी और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जैसे ही रालोद कार्यकर्ता कालाआम चौराहे के निकट पहुंचे, उन्होंने पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुलिस चौराहे पर मौजूद थी। इस बीच पुलिस ने युवा रालोद के हाथों से पुतला छीनकर फेंका। इस दौरान पदाधिकारियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद रालोद कार्यकर्ता कालाआम चौराहे पर धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा रालोद जिलाध्यक्ष नावेश राजौरा ने कहा कि जब तक हाथरस की बेटी को न्याय नहीं मिलता तब तक ऐसे ही धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। कहा कि योगी सरकार व प्रशासन ने मां-बाप, भाई बहन से उनकी बेटी के अंतिम संस्कार का हक भी छीन लिया। उपेन्द्र चौधरी ने कहा कि जयंत चौधरी का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर नावेश राजौरा, उपेन्द्र चौधरी, पारस मलिक, सुशील गुर्जर आदि शामिल रहे।