अरनिया। क्षेत्र के गांव सूरतपुर खुर्द में बुखार से फिर एक ग्रामीण की मौत हो गई। पिछले दो दिनों के भीतर यह दूसरी मौत है। वहीं कई लोग गांव में बुखार से जूझ रहे है। गांव में बीमारी के फैलने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। गांव में बीमारी फैलने की सूचना मिलने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इलाज के लिए चिकित्सकों की टीम पहुंची थी।
क्षेत्र के गांव सूरतपुर खुर्द निवासी शिशुपाल सिंह को पांच दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका इलाज निजी चिकित्सक से करवा रहे थे। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। रविवार को अचानक तबियत बिगड़ने के बाद शिशुपाल की मौत हो गई। मौत की घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में बुखार से दो दिन के भीतर दूसरी मौत है। इससे पूर्व 3 सितंबर को गांव के ही एक ग्रामीण की बुखार से मौत हो गई थी। वहीं गांव में करीब एक दर्जन से अधिक लोग बीमार है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के करण सिंह बीमार चल रहे हैं उनका मुनि स्थित प्राथमिक स्वास्थ्यकेन्द्र पर उपचार चल रहा है। इसके अलावा बाला देवी, चंद्रपाल, ज्योति, बंटी समेत करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं। जिनका अलग-अलग चिकित्सकों से उपचार चल रहा है। वहीं गांव में लगातार फैल रही बीमारी से ग्रामीणों का डर बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते बीमारी की रोकथाम नहीं हुई तो स्थित और भी गंभीर हो जाएगी। उधर गांव में बीमारी फैलने की सूचना मिलने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों की टीम पहुची। जहां पर चिकित्सकों की टीम ने बीमार लोगों को दवाएं दी। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी अन्य जांच की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुनि के प्रभारी जगवीर यादव ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य की जांच के लिए टीम भेजी गई थी। बीमार लोगों का उपचार किया जा रहा है।