बुलंदशहर। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले 3800 के पार पहुंच गए हैं। सोमवार को 37 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसमें दो लोगों का पता लगाने में स्वास्थ्य विभाग असफल रहा। वहीं, 43 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में अब कुल केस 3808 हो गए है, जिसमें 3298 डिस्चार्ज हो चुके हैं और 63 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 447 लोगों का उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य अफसरों द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को नगर के दुर्गापुरम में छह, प्रेमनगर में तीन व आवास विकास प्रथम में दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि, नगर के यमुनापुरम, कोठियात, कृष्णानगर, रामा एन्कलेव, राधानगर और गांव ऐमनपुर में एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण मिला। सिकंदराबाद व खुर्जा क्षेत्र में पांच-पांच व्यक्तियों में तो पहासू क्षेत्र में चार व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अलावा स्याना, नरसेना, अरनियां और शिकारपुर क्षेत्र में एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, दो लोगों के पॉजिटिव आने पर अभी तक संबंधित का रैपिड रिस्पांस टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम पता लगाने में असफल रही। एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि ३७ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिसमें दो व्यक्तियों का अभी पता नहीं लग सका है। साथ ही ४३ लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।