अभिभावकों के आगे झुका स्कूल प्रशासन, बीटिया को किया क्लास में शामिल
- राजेंद्र नगर के डीएफएफ स्कूल ने फीस जमा न करने पर क्लास से किया था वंचित
- अभिभावकों की शिकायत पर डीएफआरसी ने स्कूल पर लगाया था जुर्माना
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। अभिभावकों और छात्राओं की लगातार शिकायत के बाद अब डीएलएफ स्कूल ने कक्षा नौ की छात्रा को ऑनलाइन क्लास में शामिल कर लिया। वहीं कक्षा 12 की छात्रा को उसकी टीसी व अन्य सर्टीफिकेट जारी कर दिया गया। स्कूल के आश्वासन पर डीआईओएस ने अभिभावक को आश्वस्त किया है कि उनकी बेटी का जल्द ही स्कूल द्वारा सीबीएसई में रजिस्ट्रेशन भी करा दिया जाएगा।
बता दें कि अधिनियम-2018 के तहत गठित जिला शुल्क नियामक समिति के समक्ष पत्राजात प्रस्तुत न करने के कारण जिला शुल्क नियामक समिति द्वारा स्कूल पर तीन अलग-अलग चरणों में जुर्माना लगाया गया था। डीएफआरसी और जिला प्रशासन की बात न मानने के बाद डीआईओएस द्वारा स्कूल को नए सत्र में दाखिल न करने का भी नाेटिस जारी कर सीबीएसई को स्कूल की मान्यता रद्द करने को लिखा गया था। इसके बाद छात्राओं द्वारा यह कहा गया कि यदि 4 अक्तूबर तक भी उनकी बात स्कूल नहीं सुनता तो वह लोग डीआईओएस पर आमरण अनशन करेंगी। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त शर्मा द्वारा 12वी पास छात्रा की टीसी,मार्कशीट व करैक्टर सर्टिफीकेट जारी करा दिए गए। इसके बाद अब 9वी कक्षा की छात्रा की ऑनलाइन क्लास का पासवर्ड जारी कर दिया गया। डीआईओएस ने बताया कि छात्राओं की बातें स्कूल प्रबंधन द्वारा मान ली गई है।