कोरोना के बहाने फाइलो में चल रहा है संक्रामक रोग अभियान
- अक्टूबर में भी महीने में नहीं हुआ कोई फागिंग या छिड़काव
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। कोरोना वायरस के साथ इस बार डेंगू व मलेरिया भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन चुका है। हालांकि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोग स्वयं साफ-सफाई कर रहे हैं। अक्टूबर महीने का पहला सप्ताह बीतने वाला है, लेकिन अभी तक न तो कहीं छिड़काव किया गया है और न ही कहीं फागिंग कराई जा रही है। अभी तक विभाग ने सिर्फ एक डेंगू व चार स्वाइन फ्लू के मामलों की पुष्टि की है।
जिले में अब तक 15 हजार से अधिक मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। अब कंटेनमेंट जोन में भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस बार न तो संक्रामक रोग से बचाव के लिए कोई अभियान चलाया गया और न ही सर्वे अभियान शुरू हुआ, इससे एक भी लार्वा की पुष्टि अभी तक नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी कोरोना संक्रमण में कर्मचारियों के लगे होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।
डेंगू बुखार एडीज एजीप्टीआई मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर सामान्यत: दिन में काटता है। डेंगू का मच्छर किसी भी जल इकट्ठा करने वाले बर्तन में पैदा हो सकता है। यह स्वच्छ जल में पनपता है। यह मच्छर कूलर, टंकी, गमला, टैंक, छतों पर पड़े टायर, फ्रीज के पीछे लगी ट्रे, गड्ढ़ों में ठहरे पानी व नालियों में रूके पानी में पैदा हो सकता है।
डेंगू का उपचार व बचाव
डेंगू बुखार के लक्षण होने पर रोगी के रक्त की जांच ईएलआईएसए टेस्ट करवाना चाहिए। रोगी को पेरासिटामोल की गोली देनी चाहिए। रोगी को पेय पदार्थ जैस दही, लस्सी, ताजा जूस, नारियल पानी देने चाहिए। चिकित्सक को अवश्य दिखाना चाहिए। डेंगू से बचाव के लिए स्वच्छता का विशेष महत्तव है। घर के आस-पास पानी इकट्ठा ना होने दे। घर के अंदर पानी 7 दिन से अधिक किसी भी बर्तन में ना रखें। घरों में कूलर, टंकियों, घड़ों की सफाई सप्ताह में एक बार अवश्य करें। मच्छरदानी का प्रयोग करें, अपने शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। जहां रूका पानी निकालना संभव ना हो वहां काला तेल अथवा टैमीफॉस दवा डालनी चाहिए।
----
कोरोना वायरस के साथ ही डेंगू व मलेरिया बीमारी को रोकना भी एक बड़ी चुनौती है। हमारी टीम तैयार है। टीम लगी हुई है। आने वाले समय में इसका प्रभाव भी देखने को मिलेगा। सभी को आदेश दे दिए गए हैं।
ज्ञानेंद्र मिश्रा, जिला मलेरिया अधिकारी
-----------
आशुतोष यादव