बिना स्टीकर सोसायटी में नहीं होगी किसी गाड़ी की एंट्री
- चोरी की घटनाओं से बचने के लिए स्टीकर लगाने की शुरू नहीं नई पहल
- शालीमार गार्डन के विजय पार्क सोसायटी में लगाई गई गाड़ियों पर स्टीकर
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से परेशान शालीमार गार्डन के लोगों ने अब पार्किंग स्टीकर लगाना शुरू कर दिया है। रविवार को विजय पार्क आवासीय सोसायटी की आरडब्ल्यूए ने सोसायटी में रहने वाले निवासियों के वाहनों की सुरक्षा के लिए शालीमार गार्डन पुलिस चौकी इंचार्ज पंकज शर्मा के सहयोग से कार व दोपहिया वाहनों में पार्किंग स्टीकर लगाने का कार्य आरंभ किया।
इससे पूर्व आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा बैठक में चौकी इंचार्ज की सलाह पर सोसायटी के मेन गेट पर एक निजी गार्ड और रात्रि गश्त के लिए दो चौकीदार रखे गए थे। सोसायटी में आने वाले प्रत्येक वाहनों की मेन गेट पर एंट्री होती है।
सोसायटी में लगभग 400 परिवार निवास करते हैं। सोसायटी निवासी गोपाल बूबना का कहना है कि सोसायटी के पार्क, टंकी परिसर में असमाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा बना रहता था। साथ ही निवासियों के वाहनों की सुरक्षा और पार्किंग बड़ी समस्या थी। एकल यूनिट पर बहुमंजिला अपार्टमेंट बनने और बिल्डर द्वारा भूतल पर पार्किंग की सुविधा नहीं देने से फ्लैटओनर्स को अपने वाहन बाहर सड़क पर पार्क करने पड़ रहे हैं जिससे आए दिन बैटरी और ईसीएम चोरी की घटनाएं सामने आती हैं। कई निवासियों की यह शिकायत भी थी कि सोसायटी से बाहर रहने वाले लोग भी अपनी गाड़ियां यहां खड़ी कर जाते हैं जिससे उनको अपने वाहन पार्क करने में समस्या आती है और आपस में पार्किंग को लेकर झगड़े होते हैं।
इन समस्याओं के समाधान के लिए ही सोसायटी की पार्किंग स्टीकर बनाने की योजना बनाई गई। अब स्टीकर वाले वाहनों को बेरोकटोक आने दिया जाएगा और बिना स्टिकर लगे वाहन चालकों से मेन गेट पर गार्ड द्वारा पूछताछ कर एक रजिस्टर में एंट्री कर आने की अनुमति दी जाएगी। रविवार को गाड़ियों पर स्टीकर लगाने का अभियान चलायाग या। इस अवसर पर माधव चतुर्वेदी, चंचल सकलानी, विक्रम कौल, धर्म चंद वर्मा, जय नारायण, तुषार कांता, तारिक अंसारी, अक्षत वर्मा आदि मौजूद रहे।