माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। लिंकरोड थाना क्षेत्र के चंद्रनगर में मकान में रखा गया चौकीदार ही लाखों रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ित परिवार जब घर पहुंचा तो घर से काफी सामान गायब था। वहां पर रखवाली के लिए रखा गया चौकीदार भी नहीं था। पीड़िता की ओर से लिंकरोड थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लिंकरोड थाना क्षेत्र के चंद्रनगर बी ब्लॉक में रितु सिंह का घर हैं। वह परिवार समेत कहीं बाहर रहते हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि इस दौरान घर की रखवाली करने के लिए अविनाश निवासी सैदपुर गाजियाबाद को बतौर चौकी रखा था। हाल फिलहाल में जब वह लोग घर पर पहुंचे तो चौकीदार गायब था। आरोप है कि जांच करने पर पता चला कि घर से दो बाइक, सोफा सेट, फ्रीज, आलमारी, बक्सा, कपड़े, इनवर्टर, बैट्री समेत अन्य कई सामान गायब था। उन्होंने चौकीदार की काफी तलाश की,लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ से दो वर्ष से यहां पर काम करता था। इसके बाद उन्होंने लिंकरोड थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। एसएचओ लिंकरोड शैंलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर चौकीदार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। साथ ही उसके नंबर की डिटेल व लोकेशन की भी जांच कराई जा रही है।