माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के न्याय खंड 3 में दिनदहाड़े दुर्गा ज्वेलर्स में हुई 12 लाख की डकैती के मामले में पुलिस अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है। ग्राहक बनकर आया बदमाश सफेद कपड़ों में स्पोर्ट जूते पहन कर आया था। सीसीटीवी कैमरे में पैदल आता हुआ बदमाश कैद हुआ है। पुलिस बदमाशों की तलाश करने का दावा कर रही है।
सूत्रों की मानें तो घटनास्थल के आसपास पुलिस को शुक्रवार को एक सीसीटीवी फुटेज में ग्राहक बनकर आए बदमाश कैद मिला है। शातिर बदमाश ने सफेद शर्ट और सफेद पेंट पहन रखी है इसके साथ ही स्पोर्ट्स जूते पहने हुए हैं। हालांकि बदमाश का चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। फुटेज में दिख रहा है कि बदमाश काफी दूर तक पैदल चलकर दुकान में घुसा था। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक पर पीछे बैठकर फरार हो गया। पुलिस बदमाश की चाल ढाल और कद काठी के आधार पर तलाश करने में जुटी है। अभी फिलहाल पुलिस के हाथ डकैती में खाली हैं।
इंदिरापुरम थाना प्रभारी संजीव शर्मा का कहना है कि पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। बदमाशों की तलाश की जा रही है जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि न्याय खंड 3 में दिनदहाड़े 5 बदमाशों ने दुर्गा ज्वेलर्स के यहां अभिलाष वर्मा से गन पॉइंट पर करीब ₹12 लाख के सोने चांदी के जेवर अपने साथ लाए बैग में भरकर ले गए। भागते हुए बदमाश दुकान का शटर बाहर से बंद कर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लूट की धारा में मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू की।