माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वैभव खंड स्थित तिकोना पार्क के पास शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे व्यक्ति से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। पीड़ित ने शोर मचाते बदमाशों का पीछा किया लेकिन बदमाश फरार हो गए। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
वैभव खंड स्थित एसपीएस सोसाइटी में संदीप परिवार के साथ रहते हैं। वह बीईएल कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे वह तिकोना पार्क में मॉर्निंग वॉक पर गए थे वहां से घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे चेन लूट ली। वह गिरते-गिरते बचे। शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया लेकिन बदमाश तेजी से फरार हो गए। बदमाशों ने हेलमेट लगाया हुआ था। लूट की घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार लूट की घटना हो रही है। इसके बाद भी पुलिस बदमाशों पर अंकुश नही लगा पा रही है। पीड़ित ने मामले की सूचना कंट्रोल रूम को दी सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।