इंदिरापुरम में फिर शुरू हुआ अतिक्रमण
- वैभव खंड के पार्षद ने जीडीए में की शिकायत
- चार दिन पूर्व ही काला पत्थर रोड से हटाया गया था अतिक्रमण
- पार्षद ने इंदिरापुरम थाने में दी शिकायत, दोबारा से लगनी शुरू हो गई रेहड़ी पटरी
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। चार दिन पूर्व ही जीडीए द्वारा वैभव खंड के काला पत्थर रोड से हटाया गया अतिक्रमण एक बार फिर से लगने लगा है। इस मामले में शुक्रवार को स्थानीय पार्षद ने सीओ इंदिरापुरम से शिकायत की है। पार्षद ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन दुबारा से शुरू हो रहा अतिक्रमण को संज्ञान में लेते हुए रेहड़ी पटरी वालों को यहां से हटा दें ताकि बाद में फिर से यह अतिक्रमण स्थाई न हो सके।
स्थानीय लोगों की लगातार शिकायत के बाद चार दिन पूर्व ही जीडीए और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के बाद काला पत्थर रोड से अतिक्रमण हटाया गया था। पार्षद अभिनव जैन ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि दोबारा से रोड साइड में रेहड़ी पटरी वाले खड़े होने लगे हैं। ऐसे में तत्काल अभिनव जैन ने भी अतिक्रमण की तस्वीर खींच कर इंदिरापुरम सीओ को पूरे मामले की शिकायत कर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। अभिनव जैन ने बताया कि दरअसल चार दिनों में ही दुबारा अतिक्रमण लग जाना स्थानीय लोगो के लिए परेशानी की बात तो है ही पुलिस महकमे की कार्रवाई पर भी प्रश्न चिन्ह लगाती है। शुरू में ही यदि इन लोगों को नहीं रोका गया तो फिर से काला पत्थर रोड पर अतिक्रमण बढ़ता ही चला जाएगा।