लोहे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी, व्यापारियों ने की शिकायत
गाजियाबाद। लोहामंडी से बीते बृहस्पतिवार को लोहे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को चोर लेकर फरार हो गए। इस बारे में लोहा विक्रेता मंडल ने पुलिस के अधिकारियों से शिकायत की है।
अध्यक्ष डा. अतुल जैन ने बताया कि एलाइड स्टील ट्रेडर्स से मेरठ रोड स्थित एक कंपनी के लिए माल लोड कराया गया था, जिसमें लगभग 17 टन एंगल थी। रात्रि के लगभग 1:30 बजे लोहा मंडी में खड़ी हुई माल से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। उन्होंने बताया कि चोरी गए माल की कीमत 9 लाख रुपये थी। इस संबंध में थाना कविनगर में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। चौकी इंचार्ज और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर और ट्रैक्टर मालिक से बातचीत की है। विक्रेता मंडल के पदाधिकारी भी सुबह मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुबोध गुप्ता, विनीत अग्रवाल और प्रवीण गुप्ता ने ट्रैक्टर का पता लगाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। अतुल कुमार जैन ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी सूचित करके और थानाध्यक्ष से शीघ्र से शीघ्र इस चोरी हुई ट्रैक्टर ट्रॉली को माल सहित बरामद करने की मांग की है।