फोटो सहित..........
- लहूलुहान होमगार्ड ने भी रिक्शा चालक पर बरसाई लाठी, वीडियो वायरल
- पुराना बस स्टैंड के पास सड़क पर रिक्शे खड़े कर जुआ खेल रहे थे चालक, लग रहा था जाम
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। पुराना बस अड्डे के पास जुआ खेलने से टोकने पर रिक्शा चालक ने होमगार्ड का सिर फोड़ दिया। खुद का खून बहता देख होमगार्ड भी तैश में आ गया, जिसके बाद उसने रिक्शा चालक पर लाठी बरसा दी। सरेआम हुई इस घटना से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, घटना की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और होमगार्ड का उपचार कराया। पीड़ित होमगार्ड ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है।.............
पुलिस के मुताबिक पुराना बस स्टैंड के निकट सडक़ पर कई रिक्शा खड़े थे, जिनकी वजह से जाम लग रहा था। होमगार्ड रिक्शा चालकों के पास गया तो वे जुआ खेलते मिले। होमगार्ड ने उन्हें टोका तो एक रिक्शा चालक दबंगई पर उतर आया और गाली-गलौच करते हुए ईंट से हमला कर होमगार्ड के सिर फोड़ दिया। जिससे होमगार्ड बुरी तरह लहूलुहान हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुस्साए होमगार्ड ने भी आरोपी रिक्शा चालक को लाठी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान पुराने बस अड्डे पर लोगों में अफरा तफरी मच गई। कुछ लोगों ने घटना की वीडियो बना ली, जो थोड़ी ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल होमगार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया। सिहानी गेट एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि होमगार्ड की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है।