होम आइसोलेशन सुविधा शुरू होने से जांच करा रहे लोग
- 98 फीसदी जनपद में कांटैक्ट ट्रेसिंग रेट
-सितंबर माह में कांटैक्ट ट्रेसिंग में 595 पॉजिटिव मिले
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। होम आइसोलेशन की व्यवस्था शुरू होने के बाद जांच कराने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। शासन के निर्देश के बाद इस समय प्रतिदिन पांच हजार जांच शुरू की गई है। सितंबर महीने में संक्रमित मामले बढ़ने का बड़ा कारण भी यही है। लोग स्वयं जांच कराने पहुंच रहे हैं। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को और तेज करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं। सितंबर में 595 पॉजिटिव मामले कांटैक्ट ट्रेसिंग के जरिए ही ट्रेस किए गए हैं। यह जानकारी जिला अधिकारी अजय शंकर पांडेय ने दी। उन्होंने बताया अधिक से अधिक जांच करने के लिए जनपद में सैंपल कलेक्शन सेंटर भी बढ़ाए गए हैं।
इस समय 20 स्थानों पर कोरोना जांच की जा रही है। डासना, लोनी, मुरादनगर और मोदीनगर समेत चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा भोजपुर पीएचसी पर भी कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में भी कोरोना जांच केंद्र काम कर रहे हैं। पांच हजार से ज्यादा लोगों के सैंपल प्रितिदिन लिए जा रहे हैं। इस संख्या को बढ़ाकर प्रतिदिन छह हजार करने की कवायद की जा रही है। सीएमओ ने बताया बिना लक्षण वाले लोग जांच कराने से बचते थे। उन्हें डर रहता था कि अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो कोविड अस्पताल में रहना पड़ेगा। होम आइसोलेशन सुविधा शुरू होने के बाद लोगों की यह दुविधा दूर हो गई है। अब जांच कराने में संकोच नहीं कर रहे हैं। लक्षण विहीन उपचाराधीन होम आइसोलेशन में रहकर ठीक भी हो रहे हैं।
----------
आशुतोष यादव