माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई बेटी की मौत के बाद लोगों में रोष है। बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए प्राइवेट चिकित्सक वेलफेयर एसोसिएशन ने बुधवार को आरोपियों की शव यात्रा निकाली। शव यात्रा निकालकर प्राइवेट चिकित्सक वेलफेयर एसोसिएशन व परमार्थ समिति के तत्वाधान में प्रदेश सरकार से बेटी को इंसाफ दिलाने की मांग की गई। इस मौके पर प्राइवेट चिकित्सक वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष बीके शर्मा हनुमान व परमार्थ समिति के चेयरमैन वीके अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार को हत्या और दुष्कर्म के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। सरकार पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दे और आरोपियों को तुरंत कोर्ट में सजा दिलवाने के लिए जल्द से जल्द चार्ज शीट दाखिल करवाए। चिकित्सकों ने अपराधियों को ऐसी सजा दिलाई जाने की मांग की जिससे भविष्य में ऐसा काम करने की सोचने वाले की रूह कांप जाएं। इस अवसर पर डॉक्टर एनएस तोमर, डॉ डीपी नागर, डॉ देवाशीष ओझा, डाक्टर मिलन मंडल, सुनीता, शीला रानी, रुखसाना, परवीन, शहनाजख, परवीन, दिलीप कुमार, बिल्लू कुमार, जितेंद्र भटनागर, सुभाष शर्मा, नूर मोहम्मद, कलवा, राजीव त्यागी आदि मौजूद रहे।