बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी युवती ने प्रेम प्रसंग में परिजनों से हुए विवाद के बाद जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। युवती को गंभीरावस्था में निजी अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी युवती मेरठ स्थित कालेज में बायोटेक की छात्रा है। बताया गया कि युवती का बुलंदशहर निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। मामले की जानकारी दोनों के परिजनों को भी है। सूत्रों की मानें तो युवक के परिजन शादी के लिए तैयार हैं, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। पूर्व में भी युवती की अपने परिजनों से इस बात को लेकर विवाद हो चुका है। शनिवार रात भी युवती का इस बाबत अपने परिजनों से विवाद हुआ था। जिसके बाद युवती ने अपने कमरे में जाकर जहर खा लिया। हालत बिगडऩे पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई। जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, अब युवती की हालत में सुधार बताया जा रहा है। इस मामले में कोई शिकायत अभी थाने में नहीं दी गई है। देहात कोतवाल ने बताया की मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।