बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा निवासी रविंद्र कुमार को शनिवार देर रात खुर्जा बाईपास के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रविंद्र गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस मामले की जानकारी होने से इंकार कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा निवासी रविंद्र कुमार पुत्र जयकिशन सिंह शनिवार को बाइक से खुर्जा अपनी एक रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए गया था। बताया गया कि देर रात वह बाइक से ही बुलंदशहर वापस लौट रहा था। जब वह खुर्जा बाईपास के निकट पहुंचा तो मोड़ पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची फैंटम पुलिस ने उसे राहगीरों की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी। वहीं, चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया है। साथ ही खबर लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। देहात कोतवाली पुलिस भी मामले में कोई लिखित शिकायत मिलने से इंकार कर रही है।