पार्षद और उनकी पत्नी पर बदसलूकी का आरोप
- वीडियो वायरल, सड़क की समस्या लेकर पहुंचे थे बहरामपुर
के लोग
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। वार्ड संख्या- 35 के पार्षद और उनकी पत्नी पर समस्या लेकर पहुंचे लोगों से बदसलूकी का आरोप लगा है। इसके कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिसमें पार्षद लोगों को अपने आवास से बाहर करते हुए दिख रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस संबंध में कार्यवाही के लिए एसएसपी से शिकायत की जाएगी और विजयनगर थाने पर प्रदर्शन किया जाएगा।
अकबरपुर-बहरामपुर से पार्षद पिंटू सिंह के आवास पर बहरामपुर से कुछ लोग सड़क की समस्या को लेकर पहुंचे। लोगों का कहना है कि उनके क्षेत्र में सड़क बदहाल हालात में है और जलभराव रहता है। आरोप है कि इस दौरान पार्षद ने अपने आवास पर लोगों की बात नहीं सुनी और लोगों को धक्के देकर निकलना शुरू कर दिया। जब कुछ लोग इसका वीडियो शूट करने लगे तो उनसे मोबाइल छीन लिया। लोगों ने मारपीट का भी आरोप पार्षद पर लगाया है। स्थानीय महिलाएं भी इस दौरान मौजूद थीं। उन्होंने भी पार्षद पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। इस बाबत लोगों ने थाने में भी शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं की गई। पूरे घटना के 2 वीडियो भी शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। जिसमें पार्षद और उनकी पत्नी सड़क की समस्या लेकर पहुंच रहे लोगों पर भड़क रहे हैं। इस मामले में स्थानीय निवासी एसएसपी से शिकायत करने की बात कह रहे हैं। पार्षद का पक्ष जानने के लिए कॉल की गई तो उनका कॉल नहीं लगा।