बुलंदशहर। छतारी थाना क्षेत्र के गांव बहलोलपुर में शातिर हत्यारोपियों ने एक युवक की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में अधजला शव देखा तो सनसनी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं, मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार छतारी थाना क्षेत्र के गांव बहलोलपुर के जंगल में कुछ ग्रामीण सुबह घूमने के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने अज्ञात युवक का अधजला शव पड़ा हुआ देखा। जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर सीओ डिबाई वंदना शर्मा, थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। ग्रामीणों की मानें तो युवक की चेहरे की तरफ चाकू के निशान बने हुए थे। जिसके चलते ग्रामीण हत्या करने के बाद शव यहां लाकर फेंकने की आशंका जता रहे हैं। वहीं, हत्या करने वालों ने पहचान छुपाने के लिए शव को जला भी दिया, लेकिन शव पूरी तरह से नहीं जल सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही व्यक्ति की मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। फिलहाल गांव निवासी चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। वहीं शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।