प्रभात पांडेय
साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन में इन दिनों हाईस्पीड बाइक सवार बदमाशों का गिरोह सक्रिय हो गया है। जो राहगीरों से चेन, मोबाइल लूटकर फरार हो जा रहा है। यह गिरोह चौकी और थानों के आसपास वारदात कर रहा है। सीसीटीवी फुटेज में कैद होने के बाद भी पुलिस अभी तक इस गिरोह को पकड़ नहीं सकी है। जबकि पुलिस चौराहों और तिराहों पर मुस्तैद होने के दावे कर रही है। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस सुरक्षा की पोल खोल दी है।
ट्रांस हिंडन में इंन दिनों एक हाईस्पीड बाइक सवार लुटेरों का गिरोह सक्रिय है। जो चंद मिनटों में राहगीरों से मोबाइल और चेन लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहा है। बाइक चलाने वाला बदमाश हेलमेट पहने हुए रहता है जबकि पीछे बैठा बदमाश मास्क लगाए रहता है। इनके पास असलाह भी रहता है। यह गिरोह चौकी और थाने के आसपास वारदात कर फरार हो रहाहै। इसके बाद भी पुलिस इन बदमाशों को पकड़ नहीं सकी है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में भय का माहौल है। जबकि गाजियाबाद की हाइटेक पुलिस प्रमुख चौराहों और तिराहों पर हर समय तैनात रहकर चेकिंग करने का दावा कर करती है। इसके बाद भी यह बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आ रहे हैं। इससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
कई मामलों में सीसीटीवी, फिर भी नहीं हुई पहचान
कौशांबी थाना क्षेत्र में दो और इंदिरापुरम में तीन से अधिक वारदात इस हाईस्पीड बाइक सवार बदमाशों ने की है। सभी घटनाएं सीसीटीवी में कैद हुई हैं। पीड़ित की ओर से पुलिस को दिए गए फुटेज के बाद भी इनका कोई सुराग पुलिस अभी तक नहीं लगा सकी है। इससे बदमाशों के हौसले और भी बुलंद है। वह बेधड़क वारदात कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।
एक सप्ताह में हुई वारदात
- मैक्स अस्पताल के गेट पर बुजुर्ग से लूटा मोबाइल, यूपीगेट की ओर हुए फरार
- 12 घंटे बाद ही मैक्स अस्पताल की महिला कर्मी से लूटा मोबाइल
- सीआईएसएफ रोड पर दो पुलिस चौकी के बीच में सेल्स मैनेजर से लूटी चेन
- मेवाड़ कालेज के सामने बैंक के रीजनल मैनेजर से लूटी चेन
- मेवाड़ कालेज के सामने कैब की लोकेशन देख रही युवती से लूटा मोबाइल
- खोड़ा में थाने के पास ही बदमाशों ने महिला से लूटा पर्स, दो सौ मीटर महिला बदमाशों के पीछे भागी
क्या कहते हैं अधिकारी
पुलिस की टीमें इस गिरोह पर काम कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। बदमाशों की बाइक का नंबर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस को क्षेत्र में गश्त कर संदिग्धों की चेकिंग के लिए निर्देश दिए गए हैं। जल्द घटनाओं का अनावरण किया जाएगा। अभिषेक वर्मा, एसपी सिटी गाजियाबाद।