माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम की एटीएस सोसायटी निवासी युवती के खाते से शातिर ठगों ने 55 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद युवती ने कस्टमर केयर पर कॉल कर क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया था। कार्ड ब्लॉक कराने के बाद भी उनके खाते से रुपये निकल गए। उन्होंने इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच की कर रही है।
इंदिरापुरम की एटीएस सोसायटी में सुरुचि रहती है। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके मोबाइल पर दस सितंबर को क्रेडिट कार्ड से खरीदारी का एक ओटीपी आया। जबकि उन्होंने कोई खरीदारी नहीं की। उन्होंने जांच की तो उनका क्रेडिट कार्ड उनके पास में नहीं था। आनन फानन में उन्होंने बैक के कस्टमर केयर पर कॉल कर कार्ड ब्लॉक कराया। इसके बाद बैंक से उन्हें नया क्रेडिट कार्ड जारी कर दिया गया। इस कार्ड के स्टेटमेंट में उनके खाते में 55 हजार रुपये की खरीदारी जुड़कर आई। इसके बाद उन्होंने बैंक में शिकायत की और इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।