शिकारपुर/जहांगीराबाद। सलेमपुर थाना क्षेत्र में मेरठ बदायूं-हाईवे पर धतूरी गांव के पास बुग्गी की टक्कर लगने से मोपेड चालक सत्यप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मोपेड सवार एक 12 वर्षीय बालक घायल हो गया। वहीं, जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के चांदौक दोराहे पर गुरूवार की रात एक कैंटर ने ट्रैक्टर को रौंद दिया जिसमें ट्रैक्टर चालक विजयपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कैंटर के हेल्पर समेत चार लोग बुरी तरह घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नवीन नगर निवासी सत्यप्रकाश (55) पुत्र मोतीराम मोपेड से परिवार के 12 वर्षीय बालक विशाल के साथ शिकारपुर की ओर जा रहे थे। उसी दौरान सलेमपुर थाना क्षेत्र में धतूरी गांव के पास एक फार्म हाउस के सामने उसकी मोपेेड की भिड़न्त एक बुग्गी से हो गई। हादसे में मोपेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई। एसओ प्रताप सिंह बालियान ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। वहीं, बालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, जहांगीराबाद में गुरुवार देर रात चांदौक दोराहे के निकट बुलंदशहर की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर में अनूपशहर की ओर से तेज गति से आ रहे कैंटर ने अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर चालक की जहां मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दोनों गाडिय़ों में सवार चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सरकारी सीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जब कि ट्रैक्टर चालक विजयपाल (55) निवासी ग्राम चौपा थाना बहजोई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया जबकि कैंटर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना में घयाल कैंटर के हेल्पर इब्राहिम व ट्रैक्टर सवार तीन अन्य लोगों मूलचंद, महेंद्र व किशनपाल को गम्भीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी जहांगीराबाद विवेक शर्मा ने बताया कि मृत चालक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक तथा घायलों के परिजनों को घटना की सूचना भी दे दी गई है। घटना के संबंध में किसी भी ओर से कोई तहरीर अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर उचित कार्यवाही की जाएगी।