बुलंदशहर। जनपद की ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों और शौचालय निर्माण में लगातार अनियमितताएं बरतने की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसी ही शिकायत मिलने पर विभाग की ओर से एक ग्राम पंचायत को नोटिस जारी कर दिया गया है। जबकि नौ ग्राम पंचायतों पर जांच बैठ गई है। अफसरों का दावा है कि जल्द ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद की ग्राम पंचायतों में केंद्र और राज्य सरकार की अनेक योजनाओं से प्राप्त होने वाली राशि से लगातार विकास कार्य चल रहे हैं। समय-समय पर चल रहे और पूरे हो चुके विकास कार्यों पर सवाल खड़े करते हुए आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाते रहते हैं। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जनपद में २.७० लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ। हालांकि अफसरों ने शौचालय निर्माण का कार्य पूरा होने का दावा करते हुए जनपद को खुले में शौच से मुक्त घोषित कर दिया। लेकिन अभी भी अधिकतर ग्राम पंचायतों में शौचालय अधूरे पड़े हैं तो कई पात्रों के नाम सूची में शामिल होने के बावजूूद अभी तक योजना से वंचित हें। इस तरह की शिकायत मिलने पर जांच के बाद एक के बाद एक अनेक अनियमितता के मामले खुल चुके हैं। साथ ही अनियमितता की शिकायत मिलने पर जांच के बाद ग्राम प्रधानों और ग्राम सचिवों पर होने वाली विभागीय कार्रवाई की भी लंबी फेहरिस्त है। बावजूद इसके शिकायत मिलने का दौर जारी है। इस समय विभाग के पास ५५ से अधिक ग्राम पंचायतों की शिकायतें हैं। इनमें से १० ग्राम पंचायतों में लाखों रुपये की हेराफेरी होने की आशंका के चलते उनके खिलाफ जांच शुरू हो गई है। इनमें से एक ग्राम पंचायत को नोटिस जारी कर दिया गया है। जबकि नौ ग्राम पंचायतों पर जांच बैठ गई है। अफसरों का दावा है कि जल्द ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। इन पंचायतों के प्रधानों और सचिवों पर लगभग कार्रवाई निश्चित है। इन ग्राम पंचायतों में लाखों रुपये की हेराफेरी की भी आशंका जताई जा रही है।
इस ग्राम पंचायत को दिया नोटिस और इन पर बैठी जांच
जिला पंचायती राज विभाग की ओर से खुर्जा क्षेत्र की दीनौर ग्राम पंचायत को नोटिस जारी किया गया है। जबकि जिन ग्राम पंचायतों पर जांच बैठी है। उनमें लखावटी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पौथ और नौबतपुर शामिल हैं। इसी तरह खुर्जा की ग्राम पंचायत जाहिदपुर और समसपुर, गुलावठी की समकौला, दानपुर की मुरादनगर, सिकंदराबाद की सिकंदराबाद देहात, अगौता की सैमली और अनूपशहर क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपेरा शामिल है।
चुनाव नजदीक आते ही बढ़ा शिकायतों का दौर
जनपद की ग्राम पंचायतों की शिकायत मिलने का सिलसिला लगभग हर दिन जारी रहता है। लेकिन अब त्रिस्रतीय चुनाव नजदीक आता देख शिकायतों का दौर और बढ़ गया है। अफसरों का कहना है कि जब भी चुनाव नजदीक आता है तो शिकायतों का दौर शुरू हो जाता है। यहीं कारण है कि अब इस समय पहले के सापेक्ष अब शिकायत अधिक मिल रही हैं। जो भी शिकायत मिलती है उसे संज्ञान में लेते हुए उसकी जांच कराकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
कोट
विकास कार्यों और शौचालय निर्माण आदि में अनियमितता बरतने सहित कई तरह के आरोप से संबंधित शिकायत मिलने पर एक ग्राम पंचायत को नोटिस और नौ ग्राम पंचायतों के खिलाफ जांच बैठ गई है। जल्द ही इन ग्राम पंचायतों पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। - नन्दलाल, जिला पंचायती राज अधिकारी