मधुबन बापूधाम योजना में एक समान मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलनरत किसान
- फोटो : Amar Ujala
- जीडीए के काम शुरू करने की सूचना पर मधुबन बापूधाम योजना से प्रभावित किसानों की हुई पंचायत
- किसानों ने थाली बजाकर जीडीए अधिकारियों को जगाने की कही बात
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। एक समान मुआवजे को लेकर आंदोलनरत मधुबन बापूधाम योजना से प्रभावित किसानों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को जीडीए के योजना में निर्माण शुरू करने की सूचना पर किसानों ने एक पंचायत आई विजिट की। पंचायत में किसानों ने मांगे माने जाने तक किसी हालत में निर्माण कार्य शुरु न होने देंगे और थाली पीटकर जीडीए अधिकारियों को जगाने की बात कही है।
बीते तीन माह से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों में जीडीए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के रवैए से नाराजगी है। सदरपुर के प्राथमिक विद्यालय पर हुई पंचायत में सदरपुर, मैनापुर, नंगलापाट, याकूबपुर, मोरटा के किसानों ने भाग लिया। किसानों ने कहा कि मांगे माने जाने तक योजना में 800 एकड़ भूमि पर निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। जीडीए ने उनके साथ धोखाधड़ी करने और 2007 में हुए समझौते का उल्लंघन किया है। किसान नेता सुदीप शर्मा ने कहा कि प्राधिकरण ने 281 एकड़ जमीन के करीब 76 किसानों को नए अधिग्रहण कानून के तहत मुआवजा दिया है तो अन्य किसानों को भी उसी दर से मुआवजा मिलना चाहिए। जीडीए किसानों के साथ हुए समझौते का भी उल्लंघन कर रहा है। जीडीए के मनमानी रवैए के खिलाफ किसान थाली पीटकर विरोध जताएंगे। इस मौके पर किसान नेता ब्रह्मपाल शर्मा, लोकदीप, प्रशांत कुमार, गौरी शंकर, अनुराग, दीप कौशिक सहित तमाम किसान मौजूद रहे।
--------