जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिद्धनगला पर शनिवार को ईंट से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर चला रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव करनपुर कला निवासी चन्द्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उसका पुत्र अरुण (19) ट्रैक्टर ट्रॉली में अनूपशहर की ओर से ईंट लेकर आ रहा था। तभी पीछे की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा अरुण को सरकारी अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। वहीं पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।