फीस जमा न करने पर परीक्षा से वंचित करने का लगाया आरोप
- वैशाली के सनवैली स्कूल पर अभिभावकों ने दबाव बनाने का लगाया आरोप
- अभिभावकों ने कहा स्कूल मैनेजमेंट डीएफआरसी के निर्णय का कर रहा उल्लंघन
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वैशाली सेक्टर-1 स्थित सनवैली स्कूल के पैरेंट्स ने आरोप लगाया है कि स्कूल द्वारा लगातार फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। यही नहीं इसके साथ ही अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल की ओर से लगातार फोन कर यह कहा जा रहा है कि फीस जमा न होने पर उनके बच्चों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। इससे नाराज अभिभावक शनिवार को स्कूल गेट पर पहुंचे लेकिन स्कूल प्रबंधन से कोई बातचीत नहीं की गई।
अभिभावकों का कहना है कि जो बच्चे ऑनलाइन क्लास ले ही नहीं रहे उनसे भी स्कूल द्वारा फ़ीस की मांग की जा रही है। पैरेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों का यह भी कहना था कि स्कूल लगातार अपनी जिम्मेदारी से भाग रहा है। यही वजह है कि लगातार 5 से अधिक बार जिला स्तरीय शुल्क नियामक समिति से मांगी जा रही बैलेंस-सीट और ऑडिट रिपोर्ट न जमा कर पाने की स्थिति में डीएफआरसी ने अभिभावकों से फीस मांगने पर रोक लगा रखी है। दरअसल स्कूल की फ़ीस जिला स्तरीय शुल्क नियामक समिति द्वारा निर्धारित ही नही है तो ऐसे में स्कूल द्वारा जिस फ़ीस की मांग की जा रही है वह डीएफआरसी से प्रमाणित नही है तो स्कूल फीस की मांग कैसे कर सकता है। एसोसिशन के प्रतिनिधि अवनीत का कहना है कि स्कूल शासन के किसी भी उस आदेश को फॉलो ही नही करता जो अभिभावकों के पक्ष में होता है।
वहीं स्कूल की प्रिंसिपल प्रीति गोयल का कहना है कि किसी पर भी किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जा रहा बल्कि कुछ पैरेंट्स ऐसे हैं करीब पौने दो साल की फीस बाकी है, ऐसे में पैरेंट्स को बस एक रिमाइंडर कॉल की जा रही है, ताकि लोग इंस्टालमेंट में भी फीस जमा कर सकें। किसी को भी यदि कोई दिक्कत है तो एक-एक कर आकर बात कर सकते हैं , प्रबंधन हमेशा बात करने के लिए तैयार है।
-----------------