बुलंदशहर। कश्मीर के हंदवाड़ा में शहीद हुए कर्नल आशुतोष शर्मा के नाम पर उनके पैतृक गांव से लेकर हाईवे तक सड़क का निर्माण होगा। इसके लिए सरकार ने 2.29 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। बता दें कि अनूपशहर विधायक संजय शर्मा शहीद के गांव के रास्ते को हाईवे से जोड़ने के लिए काफी प्रयास किया है।
गौरतलब है कि कि तीन मई को बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र के गांव परवाना के मूल निवासी कर्नल आशुतोष शर्मा कश्मीर के हंदवाड़ा में अपने देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। सरकार ने शहीद के नाम पर उनके पैतृक गांव से लेकर हाईवे तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी। सरकार ने अब इसके लिए 2.29 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। यह धनराशि पीडब्ल्यूडी विभाग को अवमुक्त की जा चुकी है। शहीद के नाम से सड़क के अलावा उनके गांव में द्वार और शहीद स्मारक का भी निर्माण किया जाएगा। शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा के पैतृक गांव में उनके मकान से लेकर हाईवे तक लगभ 2.75 किलोमीटर लंबी पक्की रोड का निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर जानकारी दी है।
कोट
शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा के नाम पर सड़क निर्माण के लिए पैसे की स्वीकृति शासन स्तर से हो गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। - जगदीश कुमार, एक्सइएन पीडब्लूडी, प्रांत खंड