खानपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता को उसके पति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर तीन तलाक देकर व मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीडि़ता की शिकायत पर थाना पुलिस ने आरोपी ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर निवासी यासमीन पुत्री ताहिरा ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया की उसका निकाह वर्ष 2014 में थाना बहादुरगढ़ के गांव रुस्तमपुर निवासी युवक आसिफ के साथ हुआ था। निकाह में उसके पिता ने अपनी हैसियत से अधिक दहेज दिया। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन दहेज में एक लाख नगद और एक बाइक की मांग करने लगे। पिता द्वारा दहेज की मांग पूरी ना होने पर उसका पति उसके साथ लगातार मारपीट करता था। साथ ही मानसिक रूप से भी परेशान करता था। आरोप है कि बीते दिनों आरोपी पति ने मांग पूरी न होने पर उसे तीन तलाक देकर जमकर मारपीट की और घर से निकाल दिया। तब से पीडि़ता अपने मायके में ही रह रही है। थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी पति व अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच कर राजफाश कर दिया जाएगा।