बुलंदशहर। इंस्पेक्टर, जांच अधिकारी उपनिरीक्षक को सीधे निर्देश दो कि वह अगले 24 घंटे के भीतर जानलेवा हमले के आरोपियों को गिरफ्तार करें। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच करें। अन्यथा उन्हें 24 घंटे बाद यानि शनिवार दोपहर 12 बजे तक निलंबित कर दिया जाएगा। ये आदेश शुक्रवार को जानलेवा हमले के शिकार ककोड़ निवासी पिता पुत्र की शिकायत पर एसएसपी ने ककोड़ थाना प्रभारी को दिए हैं।
ककोड़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला मालियान निवासी जमील पुत्र बाबू शुक्रवार दोपहर को अपने पुत्र के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंचे। इस दौरान उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था। जबकि, दोनों पिता-पुत्र के सिर पर गंभीर चोट के कारण पट्टियां बंधी हुई थीं। उन्होंने एसएसपी को पत्र देकर बताया कि गत २६ अगस्त को मोहल्ला निवासी दबंग प्रवृत्ति के वसीम, अकरम, इकराम, लुकमान, वलीमोहम्मद, आबिद, साजिद, रिजवान, फुरकान, ताहिद मामूली विवाद के बाद पीडि़त के घर में लाठी-डंडे आदि लेकर घुस आए थे। साथ ही आरोपियों ने पीडि़त पिता-पुत्र पर इस दौरान जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर ही रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन, अभी तक उनका न तो मेडिकल कराया गया है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सकी है। शिकायत मिलते ही एसएसपी ने तत्काल ककोड़ थाना प्रभारी को फोन पर फटकार लगाई। साथ ही जांच अधिकारी उपनिरीक्षक को जल्द से जल्द गिरफ्तारी व कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर एसएसपी ने उपनिरीक्षक को निलंबित करने की चेतावनी भी दी है।